Sunday, 02 September 2018 15:15

बिजनौर नुमाइश में भीड़ पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां

Written by
Rate this item
(1 Vote)

bijnor exhibition

बिजनौर में जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में शुक्रवार रात आयोजित स्टार म्यूजिकल नाइट में खूब हंगामा रहा। सिने अभिनेत्री कायनात अरोड़ा को देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ ने कुर्सियां तोड़ डाली व खूब हंगामा किया।

पुलिस ने भीड़ पर जमकर लाठियां बरसाईं। कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। इंदिरा बाल भवन में आयोजित स्टार म्यूजिकल नाइट का उद्घाटन नगर पालिका चेयरपर्सन के पति शमशाद अंसारी, डा. नीरज चौधरी, भाजपा नेता राममोहन अग्रवाल, आशीष जैन, पीयूष कुमार, कुलदीप जैन विवेक चौधरी, सीओ सिटी महेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में सबकी नजर फिल्म अभिनेत्री कायनात अरोड़ा पर थी। कायनात अरोड़ा के देखने के लिए जिलेभर से लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम में इतनी भीड़ थी कि खड़े होने को भी जगह नहीं मिल रही थी। पुलिस शुरू से ही भीड़ को काबू करने के लिए लाठियां फटकार रही थी। कायनात अरोड़ा ने कार्यक्रम में आते ही जलाव बिखेरना शुरू कर दिया। कायनात को देखकर भीड़ बेकाबू हो गई। कायनात ने चार-पांच फिल्मी गानों पर डांस किया। इस दौरान दर्शक दीर्घा में दर्शकों में आपस में कुर्सी चल पड़ी और हंगामा खड़ा हो गया। खूब कुर्सी चली। एक-दूसरे पर युवक कुर्सी से वार करते रहे। कई कुर्सी तोड़ डाली। इस हंगामा मेें कुर्सी से गिरकर एक दस साल के बालक गिरकर घायल हो गया। उसे एक सिपाही उपचार के लिए ले गया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने भीड़ पर लाठियां बरसानी शुरू कर दी। पुलिस के जो हाथ लगा उसे ही दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। कार्यक्रम में भगदड़ मच गई, जिसे जिधर मौका मिला उधर ही भाग निकला। हंगामा होता देख कायनात अरोड़ा भी कार्यक्रम से चली गई। कार्यक्रम देर रात तक चला। कार्यक्रम के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल आर्य, अंशु राणा, शर्मिष्टा चौधरी संयोजक उमंग काकरान, लोकेंद्र चौधरी का कार्यक्रम में योगदान रहा।

पास वाले भी नहीं गए अंदर

बिजनौर। जिन लोगों के पास कार्यक्रम के पास थे उन तक को अंदर नहीं जाने दिया। लोग पास दिखाते पुलिस को घूमते रहे पर पुलिस ने किसी की नही सुनी। कायनात अरोड़ा 20 मिनट तक कार्यक्रम में रही। भीड़ को काबू करने के लिए कई थानों की पुलिस लगा रखी थी।

कायनात के साथ भी हुई धक्कामुक्की 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिने अभिनेत्री कायनात अरोड़ा इंदिरा बाल भवन के छोटे गेट से निकल कर जब जा रही थी तो भीड़ बेकाबू हो गई। भीड़ ने कायनात के साथ भी धक्कामुक्की की। पुलिस ने भीड़ को दूर तक खदेड़कर कायनात को छोटे गेट से निकाला। कायनात अरोड़ा सहारनपुर की रहने वाली है। कई फिल्मों में वह काम कर चुकी है।

Additional Info

Read 2275 times

Leave a comment