राजा का ताजपुर निवासी बुनकर कफील को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हथकरघा द्वारा निर्मित बेडशीट की उत्कृष्ट बुनाई के लिए उन्हें सम्मानित किया।

सरकार द्वारा संचालित संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना के अंतर्गत कफील को पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने अपने जिले और मंडल का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र तथा शील्ड प्रदान की।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कफील ने कहा, “मुख्यमंत्री जी के हाथों यह सम्मान पाना हमारे लिए अत्यंत गौरव की बात है। यह पुरस्कार वर्षों की मेहनत, समर्पण, उत्कृष्ट कारीगरी और भारतीय हथकरघा परंपरा के संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का सम्मान है। भविष्य में हम और अधिक उत्साह, लगन तथा गुणवत्ता के साथ कार्य करते रहेंगे।”

इस सम्मान से बुनकरों के उत्थान, रोजगार सृजन और हथकरघा उद्योग को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।