लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनपद की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। देवल गांव में मेरठ-पौड़ी हाईवे पर जलभराव और सड़क क्षतिग्रस्त होने से बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से सीधा संपर्क फिलहाल बाधित हो गया है। स्थिति गंभीर होने पर पुलिस प्रशासन ने मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोककर ट्रैफिक को वैकल्पिक गजरौला मार्ग से डायवर्ट कर दिया है।

देवल में हाईवे पर पानी भरने के कारण बृहस्पतिवार दोपहर से बैराज से मीरापुर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते जाम कई किलोमीटर तक फैल गया और बिजनौर जनपद की सीमा तक पहुंच गया। सड़क पर लगातार बह रहे पानी और यातायात सामान्य होने की संभावना न होने के कारण पुलिस ने संबंधित मार्ग पर बैरियर लगाकर आवाजाही रोक दी।

बारिश का असर केवल हाईवे तक सीमित नहीं रहा। बिजनौर-मंडावर-बालावाली मार्ग पर खिरनी गांव के पास तेज बहाव से सड़क कट गई, जिससे इस मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। फिलहाल केवल हल्के वाहनों को सावधानी के साथ निकाला जा रहा है।

उधर, पुंडरीकला और बरमपुर के बीच ग्रामीण संपर्क मार्ग भी तेज बहाव के कारण कट गया है, जिससे आसपास के गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया है।

अधिशासी अभियंता हेमंत प्रताप सिंह ने बताया कि खिरनी के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही पर अगले आदेश तक रोक रहेगी। विभागीय टीम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और जलस्तर कम होते ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।

यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि देवल में हाईवे बंद होने के कारण बिजनौर से मेरठ और मुजफ्फरनगर जाने वाले वाहनों को बैरियर लगाकर रोका जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक को गजरौला मार्ग से डायवर्ट किया गया है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सफर पर निकलने से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की।