Friday, 16 August 2019 16:32

बिजनौर में पुलिसकर्मी ने खुद को गोली मारी

Written by
Rate this item
(2 votes)

police shot himself bijnor

बिजनौर में एक सिपाही ने खुद को राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इससे पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि वह छुट्टी नहीं मिलने से परेशान चल रहा था।

मृतक अंकुर राणा पुत्र अजयपाल सिंह बागपत जनपद के गांव निरपुड़ा का रहने वाला था। वह 2015 बैच की भर्ती का था। सिपाही ने शुक्रवार को राइफल से खुद को गोली मार ली। इसके बाद उसे आनन- फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की जानकारी लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार कलेक्ट्रेट में तैनात सिपाही अंकुर राणा ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी है। एसपी संजीव त्यागी का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का है। अंकुर राणा की ड्यूटी कलेक्ट्रेट में ईवीएम की सुरक्षा में लगी थी। सुबह आठ बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद उसने कलेक्ट्रेट के ही एक कमरे में जाकर खुद को गोली मार ली। बताया गया कि अंकुर की जगह सुशील ड्यूटी देने आया था। वहीं रात में अंकुर के साथ ड्यूटी पर अनुज और दीपक भी तैनात थे।
जांच में यह भी सामने आया कि अंकुर ने घटना से कुछ समय पहले ही अपनी पत्नी से बात की थी। फिलहाल उसकी पत्नी मायके में हैं। उसकी शादी मार्च में ही हुई थी। अंकुर के बड़े भाई पंकज एसएसबी में तैनात है। अंकुर की दो बहनें हैं, दोनों की शादी हुई है।

उधर, घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसपी का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Additional Info

Read 1327 times

Leave a comment